हापुड़। पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के हाईवे-9 स्थित सुख सागर मंडप के पास आलू व्यापारी से दिनदहाड़े हुई 55 हजार रुपये, मोबाइल व बही खाते की लूट का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने लूट की घटना को अंजाम देने वाले दो लुटेरों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से लूटे हुए रुपयों में से 18 हजार पांच सौ रुपये, मोबाइल, घटना में प्रयुक्त चोरी की अपाचे बाइक व अवैध असलाह बरामद किया है। लूट की इस वारदात को अंजाम देने वाला तीसरा आरोपी अभी फरार है।
एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि शनिवार को दोपहर करीब दो बजे मोहल्ला चंदन विहार निवासी आलू व्यापारी लोकेश सैनी अपने नौकर मोनू के साथ सब्जी मंडी से बाइक पर सवार होकर अपने घर जा रहा था। जैसे ही उनकी बाइक हाईवे-9 स्थित सुख सागर मंडप के पास पहुंची तो बाइक पर सवार तीन बदमाश पिस्टल से गोली मारने की धमकी देकर उससे 55 हजार रुपये, मोबाइल व बही खाते से भरा बैग लूट कर फरार हो गए थे।
एसपी ने बताया कि थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश त्रिपाठी की टीम ने लूट की घटना को अंजाम देने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जिनकी पहचान लोकेश व अजय निवासी गांव शाहपुर फगौता के रूप में हुई है। जबकि इनका तीसरा साथी धर्मराज निवासी गांव शाहपुर फगौता अभी फरार है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि रुपये कमाने के लालच में इन्होंने अपने साथी धर्मराज के साथ मिलकर लूट की घटना करने के लिए 12 जनवरी को नोएडा सेक्टर-63 से अपाचे बाइक को रात में चोरी की थी। इसी बाइक से इन तीनों ने मिलकर आलू व्यापारी लोकेश सैनी के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया। आरोपी लोकेश पर जिला हापुड़, गाजियाबाद व गौतमबुद्धनगर में तीन मुकदमे दर्ज हैं।
-
सब्जी मंडी में काम करते वक्त धर्मराज ने रची लूट की साजिश-
एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि आलू व्यापारी लोकेश सैनी से लूट की घटना को अंजाम देने वाला फरार आरोपी धर्मराज इस घटना का मास्टर माइंड है। इसने पूर्व में सब्जी मंडी में लेबर का भी काम किया। इस दौरान उसने आलू व्यापारी लोकेश सैनी से लूट करने की बात अपने मन में ठानी, क्योंकि आलू व्यापारी लोकेश सैनी को उसने कई बार थेले में रुपये रखते दिख लिया था। इसके बाद उसने अपने भाई अजय व लोकेश के साथ बारह जनवरी को नोएडा सेक्टर-63 से अपाचे बाइक चोरी की और इसी बाइक से शनिवार को दिनदहाड़े आलू व्यापारी लोकेश सैनी को अपना निशाना बना लिया।
पीड़ित आलू व्यापारी के मोबाइल व सीसीटीवी कैमरे की मदद से पकड़े गए आरोपी-
एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि लूट के बाद पीड़ित व्यापारी के मोबाइल फोन को बंद नहीं किया। काफी देर बाद लुटेरों ने एक खेत में थेला फेंक दिया और मोबाइल को बंद किया। पुलिस व्यापारी के मोबाइल को भी ट्रेस कर रही थी। इसके जरिये पुलिस को लुटेरों की अंतिम लोकेशन भी मिल गई। वहीं, पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच में भी जुटी थी। बाइक सवार तीनों लूटेरे कैमरे में दिखाई पड़े थे।
-