बुलंदशहर। कोतवाली देहात में गांव नीमखेड़ा निवासी सलीम ने बेटी को बंधक बनाकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सलीम खान ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि करीब छह माह पहले उन्होंने अपनी पुत्री रूहीन का निकाह कोतवाली देहात के गांव मामन कलां निवासी जाबुल हसन के साथ किया था।
आरोप है कि शादी के बाद से पति उनकी पुत्री के साथ आए दिन मारपीट करता चला आ रहा है। 18 मई को आरोपी ने रूहीन को बाईपास स्थित एक गोदाम में बंद कर दिया और रातभर लोहे की रॉड से उसे बेरहमी से पीटा। जानकारी होने पर जब वह मौके पर पहुंचे तो रूहीन उन्हें लहूलुहान और गंभीर हालत में मिली। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोतवाली देहात प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपी पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी गई।