गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव कनौर में भ्रूण लिंग की जांच की सूचना पर हरियाणा के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापा मारा। इस दौरान एक मकान में अवैध रूप से पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन से गर्भवती महिला की जांच की जा रही थी। लेकिन टीम को देखकर आरोपी वहां से मशीन को साथ लेकर फरार हो गए। हालांकि, पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
हापुड़ स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. दिनेश खत्री ने बताया कि हरियाणा से स्वास्थ्य विभाग की टीम बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव कनौर में पहुंची। उन्हें सूचना मिली थी कि कोई व्यक्ति अवैध रूप से गर्भवती महिलाओं के भ्रूण लिंग का परीक्षण करता है। जिसको लेकर सोमवार को टीम के साथ गांव कनौर में छापा मार दिया। जहां एक मकान में पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन चलती पाई गई, साथ ही एक लेपटॉप मिला। इस दौरान टीम को देखकर आरोपी वहां से भाग निकले। डॉ. दिनेश खत्री ने बताया कि इस संबंध में बहादुरगढ़ पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुला लिया। जहां पुलिस और स्वास्थ्य विभाग टीम द्वारा विभिन्न साक्ष्य एकत्र किए। वहीं टीम के नोडल अधिकारी ने बहादुरगढ़ थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। डॉ. खत्री का कहना है कि बिना पंजीकरण अप्रशिक्षित लोगों को इस तरह के उपकरणों की सप्लाई करना गैर कानूनी है। आरोपियों को मशीन उपलब्ध कराने वालों की भी तलाश कराकर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह का कहना है कि नोडल अधिकारी की तहरीर पर पांच लोगों को नामजद करते हुए नौ लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले में शामिल भोला शंकर निवासी फरीदाबाद और मुकेश निवासी धौलाना जनपद हापुड़ को गिरफ्तार कर लिया है। जिनके साथियों की तलाश की जा रही है।