धौलाना। कपूरपुर थाने के पास बझैड़ा कला निवासी सराफ से हुई लूट में गांव के ही करीबी का हाथ सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करते हुए मामले में रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं माल की बरामदगी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की है।
बझैड़ा कलां निवासी शहजाद पुत्र जाहिद सुनार का काम करता है। सालेपुर कोटला गांव में उसकी दुकान है। मंगलवार देर शाम थाना कपूरपुर से चंद दूरी पर नरैना मार्ग पर दो बाइकों पर सवार तीन बदमाशोंं ने शहजाद को रोक लिया और उसका बैग छीनने लगे। विरोध करने पर उस पर चाकू से हमला कर दिया। लुटेरों ने तमंचे की बट सिर में मारकर उसे लहूलुहान कर दिया। बदमाश उससे बैग लूटकर फरार हो गए, जिसमें 30 ग्राम सोना, दो किलो चांदी, एक लाख रुपये और आईफोन था। हालांकि पहले पीडि़त ने 300 ग्राम सोने के लूट की सूचना दी थी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जानकारी के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लिया था। सीओ पिलखुवा स्तुति सिंह ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया था। पूछताछ में बताया कि उन्होंने अपने एक साथी द्वारा बताए गए मार्ग पर लूट की घटना को अंजाम दिया है। जबकि अन्य साथी लूट का सामान लेकर दिल्ली की तरफ भागे हैं।
गिरफ्तार आरोपी ने खोला लूट का राज
पुलिस ने पीडि़त के भाई जावेद की तहरीर पर आलम पुत्र इसरार निवासी बझैडा कला को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आलम ने पुलिस को बताया कि वह लंबे समय से शहजाद की रैकी कर रहा था। शहजाद के आने जाने की सूचना उसने अपने साथियों को दी और घटना को अंजाम दिया। इससे पहले रात को ही धौलाना पहुंचे एसपी ज्ञानंजय सिंह ने अस्पताल पहुंचकर पीडि़त से जानकारी की थी। पुलिस सूत्रों की माने तो आरोपी ने दिल्ली के एक गैंग से लूट कराई है। जिसके बाद पुलिस की तीन टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हैं।