हापुड़। बाबूगढ़ थाना पुलिस ने मोबाइल लूटने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों को जेल भेजा गया है।
थाना बाबूगढ़ प्रभारी निरीक्षक शीलेष कुमार ने बताया कि शुक्रवार शाम गांव सरावनी का शादाब मोबाइल फोन पर बात करते हुए पैदल ही घर से जा रहा था। तभी पीछे से बाइक पर सवार होकर आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उसका मोबाइल लूट लिया और फरार हो गए थे। पीडि़त ने मामले की शिकायत पुलिस से की थी। उन्होंने बताया कि शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि लूट की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश गांव मुदाफरा के निकट सौल्दा के चौराहा के आसपास मौजूद हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें दबोच लिया। इनके पास से पुलिस ने पांच मोबाइल फोन, लूट की घटना में प्रयुक्त बाइक, एक तमंचा व एक कारतूस बरामद किया है। इनकी पहचान जिला मेरठ के थाना खरखौदा क्षेत्र के गांव पीपलीखेड़ा निवासी हसमुद्दीन व मोहसीन के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।