हापुड़। विभिन्न समाज के लोगों के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग करना बदनौली के केनरा बैंक शाखा प्रबंधक को भारी पड़ गया। सोमवार को फोन पर बात करते हुए उनका एक ऑडियो वायरल होने के बाद जाट समाज के लोगों ने हंगामा कर दिया। मामले में पुलिस ने आरोपी बैंक मैनेजर को गिरफ्तार करते हुए उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव बदनौली के प्रवेश चौधरी ने बताया कि उनके गांव में केनरा बैंक की शाखा है। शाखा पर ललित कुमार प्रबंधक है। शाखा प्रबंधक व गांव नंगौला के आनंद कुमार उर्फ नंदा के बीच फोन पर हुई बातचीत का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें शाखा प्रबंधक ललित कुमार व आनंद कुमार त्यागी विभिन्न समाज के लोगों को अपशब्द कह रहे हैं। मामले की जानकारी पर सभी समाज के लोगों में रोष व्याप्त हो गया। मामले में बदनौली में जाट समाज के लोगों ने पंचायत की। कुछ लोग बैंक पर भी पहुंचे लेकिन कर्मचारी हंगामे को देखते हुए ताला लगाकर फरार हो गए। इसके बाद ग्रामीण कोतवाली पहुंचे और तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि मामले में शाखा प्रबंधक ललित कुमार व आनंद कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शाखा प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया है।
एलडीएम ने आरोपी को बैंक से हटाया
मामले का संज्ञान लेते हुए अग्रणी बैंक प्रबंधक रमन कुमार ने आरोपी बैंक प्रबंधक को वहां से हटा दिया है। हालांंकि इससे पहले बैंक प्रबंधक ने अपना वीडियो जारी करते हुए अपने द्वारा कहे अपशब्दों पर खेद प्रकट करते हुए माफी मांगी थी।