सिंभावली। चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ के बाद एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। जबकि उसका दूसरा साथी फरार होने में कामयाब हो गया। बदमाशों ने 25 जुलाई को क्षेत्र में युवक से लूट की थी।
सीओ आशुतोष शिवम ने बताया कि शनिवार की शाम सुरक्षा को लेकर बड्ढा नहर पुल पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो युवक बाइक पर आते हुए दिखाई दिए। पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो युवकों ने रफ्तार तेज कर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम द्वारा पीछा करने पर बदमाशों ने फायरिंग की, जवाबी फायरिंग में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। जबकि उसका साथी फरार होने में कामयाब हो गया। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिसने अपना नाम सौरभ निवासी खाद मोहननगर थाना स्याना जनपद बुलंदशहर बताया है। सीओ ने बताया कि सौरभ ने अपने साथी के साथ मिलकर गांव भरना निवासी सोनू शर्मा से हथियारों के बल पर 1700 रुपये की नकदी, मोबाइल लूट की घटना को अंजाम दिया था। बदमाश के पास से बिना नंबर प्लेट की बाइक, तमंचा, कारतूस, मोबाइल और 1300 रुपये की नकदी बरामद हुई है। जिसके खिलाफ जनपद बुलंदशहर, गौतमबुद्धनगर समेत अन्य जनपदों में भी लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। जिसके फरार साथी की तलाश की जा रही है।