गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार की रात चेकिंग के दौरान एक कार से करीब 13 किलो गांजा बरामद किया है। सीओ आशुतोष शिवम ने बताया कि शुक्रवार की रात कोतवाली पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली एक युवक मेरठ रोड पर मध्य गंग नहर के निकट शाहपुर मोड़ पर कार में गांजा लेकर खड़ा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। जहां घेराबंदी करते हुए युवक को हिरासत में लेकर कार की तलाशी ली गई। सीओ ने बताया कि तलाशी के दौरान कार से आधा-आधा किलो के 25 पैकेट मिले, जिसमें करीब 13 किलो गांजा बरामद हुआ। तस्कर ने अपना नाम सुनील निवासी गंगानगर जनपद मेरठ बताया है। सीओ ने बताया कि सुनील के साथियों को दो दिन पहले ही कोतवाली पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपी के पास से बरामद गांजे को कब्जे में ले लिया गया है। कार को सीज करते हुए आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।