बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ थाना पुलिस ने कई वर्षों से फरार चल रहे वारंटी को नोएडा से गिरफ्तार किया है। उसको न्यायालय में पेश किया गया। सीओ राहुल यादव ने बताया कि रितेश चौहान निवासी नेकनामपुर ने नानई निवासी विनोद चौहान को 20 लाख रुपये की रकम के बदले चेक दिया था। बैंक में लगाने पर पर्याप्त धनराशि नहीं होने के कारण चेक बाउंस हो गया। कानूनी नोटिस के बावजूद भुगतान नहीं करने पर केस दर्ज कराया गया। लगातार न्यायालय में गैरहाजिर रहने पर उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी हुआ था। पुलिस के मुताबिक आरोपी ठिकाने और मोबाइल नंबर बदलकर नोएडा में रह रहा था। टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।