हापुड़। मोहल्ला लज्जापुरी और चमरी में सड़क पर अतिक्रमण हटाने के लिए नगर पालिका द्वारा दिए गए नोटिस का असर दिखाई देने लगा है। अनेक भवन स्वामियों ने बुलडोजर के डर से खुद ही मकान तोड़ना शुरू कर दिया है। हालांकि कुछ भवन स्वामी अभी भी राहत की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
लज्जापुरी में रामलीला ग्राउंड के गेट नंबर दो से चमरी फाटक तक सड़क और नाला निर्माण कराया जाना है। जिसकी जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी को सौंपी गई है। पीडब्ल्यूडी द्वारा सड़क की नपाई कराई गई तो पाया कि काफी लोगों ने अतिक्रमण कर मकान बना लिए हैं, जिससे रास्ता संकरा हो गया है। नगर पालिका ने भी सड़क की पैमाइश कराकर अतिक्रमण करने वाले 120 मकान मालिकों को नोटिस भेजकर एक सप्ताह के अंदर जवाब देने और अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए गए थे। वहीं, अतिक्रमण न हटाने पर अतिक्रमण हटाने और उसका खर्च भी वसूलने की चेतावनी दी गई थी। पालिका की इस चेतावनी के डर से लोगों ने खुद ही मकान तोड़ने शुरू कर दिए गए है। चमरी में बुधवार को अनेक भवन स्वामियों द्वारा तोड़फोड़ शुरू कर दी गई। लेकिन अनेक भवन स्वामी नोटिस जारी होने के बाद राहत पाने की आस में बैठे हुए हैं।
एसडीएम/नगर पालिका अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार सिंह का कहना है कि भवन स्वामियों को स्वयं अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस भेजे गए हैं। जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर आगे की कार्रवाई की तैयारी की जाएगी।