संवाद न्यूज एजेंसी
सिंभावली। गांव रझैड़ा के वृद्ध को ग्राम विकास अधिकारी ने जांच में मृत घोषित कर पेंशन रोक दी। पीड़ित ने आरोपी ग्राम विकास अधिकारी के खिलाफ डीएम को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
रझैड़ा निवासी किशोरी ने डीएम को पत्र भेजा है। पत्र के माध्यम से बताया कि ब्लॉक द्वारा कई वर्ष पहले वृद्ध पेंशन चालू कराई थी। पिछले दो माह से उसकी पेंशन खाते में नहीं आई। पीड़ित ने इस संबंध में जांच कराई तो पता चला कि उसको मृतकों की सूची में शामिल कर मृत घोषित कर दिया और पेंशन रोक दी है। आरोप है कि पिछले कई दिनों से वह पेंशन चालू कराने के लिए ब्लॉक के चक्कर लगा चुका है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। गरीब व्यक्ति होने के कारण पेंशन का लाभ ले रहे थे, जिको बंद करा दिया है। ग्राम विकास अधिकारी की इस कार्यशैली पर लोग विभिन्न तरह के सवाल कर रहे हैं। ग्राम विकास अधिकारी की बड़ी लापरवाही उजागर हुई है, जो जीवित व्यक्ति को मृत घोषित कर रहे हैं। इस तरह के लापरवाही बरतने वाले अधिकारी कर्मचारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। पीड़ित ने इस संबंध में डीएम को पत्र भेजकर आरोपी ग्राम विकास अधिकारी के खिलाफ शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
एसडीएम अंकित कुमार वर्मा का कहना है कि बीडीओ को जांच के निर्देश दिए हैंं, मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।