संवाद न्यूज एजेंसी
ब्रजघाट। दिल्ली से मुरादाबाद जा रही पैसेजर ट्रेन अचानक गंगा के पुल पर रुक गई, जिससे उसमें सवार यात्रियों में हडक़ंप मच गया। कुछ देर के बाद ट्रेन को पीछे किया गया और हाल्ट पर उसमें सवार कुछ यात्रियों को उतारा गया, जिसके बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना हो गई। मामले की जानकारी के बाद स्टेशन मास्टर ने उच्चाधिकारियों को मामले की जानकारी दी।
दिल्ली से मुरादाबाद जाने वाली 04350 पैसेंजर ट्रेन रोजमर्रा के भांति रविवार को भी निर्धारित समय पर गढ़मुक्तेश्वर रेलवे स्टेशन पर पहुंच गई। वहां से मुरादाबाद जाने के लिए आगे बढ़ी। जैसे ही ट्रेन ब्रजघाट हाल्ट को पार कर गंगा पुल पर पहुंची, तो अचानक चालक ने उसके ब्रेक लगा लिए। गंगा के बीच पुल पर ट्रेन रुकने के बाद उसमें सवार यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया। कुछ ही देर में लोको पायलट ने ट्रेन को वापस ले जाकर ब्रजघाट हाल्ट पर रोक लिया। जहां अलग-अलग बोगियों से गंगा स्नान करने वाले श्रद्धालु उतरे। जानकारी करने पर यात्रियों को पता चला कि ट्रेन ब्रजघाट हाल्ट पर रूकनी थी, लेकिन किसी कारण लोको पायलट उसे आगे ले गया। जिसके चलते ट्रेन में सवार महिला यात्रियों ने शोर मचा दिया। जिसकी जानकारी वायरलेस सैट के माध्यम से लोको पायलट को दी गई। आरपीएफ चौकी प्रभारी आशीष कुमार ने बताया कि भूलवश ट्रेन का लोको पायलट ट्रेन को कुछ आगे के लिए ले गया था। समय रहते हुए यात्रियों को हाल्ट पर उतार दिया गया। जिसके बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना हो गई। जिससे किसी अन्य ट्रेन पर कोई प्रभाव नहीं हुआ।