हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के मेरठ रोड स्थित पुलिस लाइन के सामने अज्ञात वाहन ने बाइक सवार पीएसी जवान को टक्कर मार दी। इसमें उसकी मौत हो गई। सुबह पूरे सम्मान के साथ सिपाही को पुलिस लाइन से अंतिम विदाई दी गई।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि जिला मेरठ थाना भावनपुर क्षेत्र के गांव रसूलपुर औरंगाबाद निवासी अंकित राव (24) वर्ष 2021 में पीएसी में सिपाही के पद पर भर्ती हुआ था। वर्तमान में अंकित 35वीं बटालियन लखनऊ में तैनात था। वह 19 अप्रैल को सहारनपुर में चुनाव कराकर सिंभावली में ठहरा हुआ था। वह छुट्टी लेकर शनिवार की देर रात जिला मेरठ के फफूंड़ा से अपने किसी परिचित की शादी में शामिल होकर बाइक से हापुड़ अपनी मौसी के घर लौट रहा था। जैसे ही उसकी बाइक मेरठ रोड स्थित पुलिस लाइन के सामने पहुंची तो अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इसमें अंकित की मौत हो गई।
मृतक सिपाही के चाचा अशोक कुमार ने बताया कि अंकित के पिता भरत सिंह मजदूरी करते हैं। वहीं, अंकित तीनों भाइयों में दूसरे नंबर का था। अंकित की मौत की सूचना पर पिता, मां व दो भाईयों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, अंकित की मौत की खबर से पूरे गांव में भी शोक की लहर है।