गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव भदस्याना में स्याना मार्ग पर दो बाइकों की आमने सामने भिड़ंत हो गई। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा बाइक चालक गंभीर रुप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरु कर दी है।
जनपद बुलंदशहर के स्याना क्षेत्र के गांव हाजीपुर निवासी लोकेश (50) रविवार की दोपहर में बहादुरगढ़ क्षेत्र से बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह गांव भदस्याना से स्याना को जाने वाले रास्ते पर पहुंचा तो सामने आ रही तेज रफ्तार बाइक से भिड़ंत हो गई। जिससे दोनों बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने दोनों को स्थानीय चिकित्सक के भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने लोकेश को मृत घोषित कर दिया। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरु कर दी। मौत की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
थानाध्यक्ष हरि कुमार का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, परिजनों को सूचना दे दी गई है। वहीं घायल का उपचार जारी है। संवाद