पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के गांव जादौपुर में ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर डेढ़ साल के मासूम की मौत हो गई। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर के चालक को पकड़ कर जमकर पीटा और पुलिस को सौंप दिया। मौके पर ग्रामीणों ने हंगामा भी किया।
गांव जादौपुर में सोहन पाल के मकान का निर्माण हो रहा है। सोमवार को मकान की निर्माण सामग्री ट्रैक्टर-ट्राली लेकर आई थी। निर्माण सामग्री खाली करके जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर विनोद के इकलौते डेढ़ वर्षीय पुत्र युवान उर्फ कुटकुट की मौत हो गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई, ग्रामीणोंं ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया और जमकर पीटा। ग्रामीणों ने जमकर हंगामा भी किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ट्रैक्टर की गति तेज होने के कारण मासूम की मौत हुई है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया और मासूम का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले में मृतक के पिता की तरफ से ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक के खिलाफ तहरीर दी गई है। एसएचओ नीरज कुमार का कहना है ट्रैक्टर चालक गांव सिखेड़ा निवासी आरिफ है। ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।