धौलाना। थाना क्षेत्र के गांव देहरा में साइकिल से खेत पर चारा लेने जा रहे बुजुर्ग के ऊपर हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने उसे बचाकर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
देहरा निवासी आदिल खान ने बताया कि उसके बुजुर्ग चाचा इदरीस ऊपरी गंग नहर पटरी के पास साइकिल से खेत पर जा रहे थे। इसी दौरान बिजली का तार टूटकर उनके ऊपर गिर गया।ग्रामीणों ने लाठी -डंडों से तार को हटाकर उन्हें बचाया और परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए भर्ती कराया। लोगों में ऊर्जा निगम के अधिकारी कर्मचारियों के खिलाफ रोष व्याप्त है। इनका कहना है कि जर्जर लाइन के कारण यह हादसा हुआ है। ऐसे में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार बिष्ट का कहना है कि मामले में अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर के आधार पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।