धौलाना। थाना कपूरपुर क्षेत्र के गांव पिपलैड़ा में अपने दोस्तों के साथ नहाने गया नौ वर्षीय किशोर नहर में डूब गया। एनडीआरएफ टीम ग्रामीणों की मदद से किशोर को तलाश करने में जुटी है। लेकिन आधा दिन बीतने के बाद भी टीम व ग्रामीणों को कोई सफलता हाथ नहीं लगी है।
जिला गाजियाबाद के गांव नाहल निवासी हाजी शकील ने बताया कि उसका साला कई वर्षों से गांव पिपलैड़ा की करीम कालेनी में अपने परिवार के साथ रह रहा है। शुक्रवार को उसका साला अपने 9 वर्षीय पुत्र मोह मद आहिल खान के साथ जुमे की नमाज अता कर घर आ गए थे। इस दौरान आहिल अपने दोस्तों के साथ नहाने के लिए नहर पर चला गया। देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने आहिल को काफी तलाश किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। शनिवार सुबह नहर के पास आहिल की पेंट चप्पल आदि पड़े मिले। इसकी सूचना परिजनों व ग्रामीणों ने एनडीआरएफ को दी। मौके पर पहुंची एनडीआरएफ की टीम ने ग्रामीणों के मदद से आहिल को तलाशने में जुटी रही। टीम आहिल की गांव पिपलैड़ा से देहरा नहर झाल तक तलाश कर चुकी है। लेकिन आधा दिन बीत जाने के बाद भी टीम को कोई सफलता हाथ नहीं लगी है।