हापुड़। जिले में बृहस्पतिवार से स्कूली बसों और वैन की जांच शुरू हुई है। वाहनों की फिटनेस जांच में गड़बड़ी मिलने के बाद एआरटीओ प्रवर्तन रमेश चौबे व पीटीओ आशुतोष उपाध्याय ने एक स्कूली वाहन को सीज किया है, जबकि नौ का चालान काटा गया है। शासन के निर्देश हैं कि जिले में संचालित प्रत्येक स्कूली वाहन की जांच की जाए। वाहनों की फिटनेस में गड़बड़ी मिलने पर कार्रवाई हो। बिना फिटनेस के वाहन का संचालन मिलने पर इसे सीज किया जाए। एआरटीओ प्रवर्तन रमेश कुमार चौबे ने बताया कि वाहन की सीट, गेट, खिड़की, लाइटें, सीट बेल्ट, इमरजेंसी दरवाजा, खिड़कियों पर रॉड, फर्स्ट एड बॉक्स आदि की जांच जिले में जगह-जगह स्कूली वाहन रोककर की गई है। उन्होंने बताया कि जिले में 89 वाहनों की जांच की गई, इसमें मानक के विपरीत पाए जाने पर नौ स्कूली वाहनों का चालान किया गया और एक स्कूली वाहन को सीज किया गया। इस मामले में स्कूल प्रबंधकों को भी नोटिस जारी किया गया है। जिससे बच्चों की जान से खिलवाड़ न हो। उन्होंने बताया कि सभी स्कलों को नोटिस भी भेजे गए हैं। यदि किसी स्कूली वाहन का फिटनेस प्रमाण-पत्र समाप्त हो चुका है तो तत्काल इसके लिए आवेदन करें। बिना फिटनेस के वाहन का संचालन नहीं होना चाहिए।