हापुड़। चंडी रोड स्थित श्री सिद्धपीठ चंडी मंदिर में गैर समुदाय के एक व्यक्ति ने शुक्रवार को नमाज पढ़ी और गजवा-ए-हिंद के नारे लगाए। अगले जूमा पर मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी भी दे डाली। सुबह इस घटना की जानकारी मिलते ही हिंदू समुदाय के लोग बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। सीसीटीवी के आधार पर सराय बसारत अली के रहने वाले अनवर के रूप में आरोपी की पहचान हुई है। उसे पुलिस ने बुलंदशहर रोड से गिरफ्तार कर लिया है। मामले में देर शाम को हिंदू समुदाय के लोगों ने दोबारा से चंडी रोड को जाम कर हंगामा किया। पुलिस ने किसी तरह उन्हें समझाकर शांत कराया।
श्री चंडी मंदिर प्रबंध समिति के अनुसार सुबह गैर समुदाय का एक व्यक्ति मंदिर परिसर में घुस गया। कुछ देर वह मंदिर में घूमता रहा। फिर चादर बिछाकर नमाज पढ़नी शुरू कर दी। मंदिर के मुख्य पुजारी और श्रद्धालुओं ने उसे टोका तो अभद्रता और गाली-गलौज की। साथ में धमकी दी कि अगले जुमे की नमाज भी यहीं अदा कर वह मंदिर को बम से उड़ा देगा। इसके बाद उसने गजवा-हिंद-के नारे भी लगाए और मंदिर की संपत्ति को लूटने की धमकी दी।
इसकी जानकारी होने पर सुबह बड़ी संख्या में हिंदू समुदाय के लोग पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। व्यापारियों ने भी बाजार बंद करने की चेतावनी दी। इस बीच बड़ी संख्या में पुलिस बल मंदिर पहुंच गया। पुलिस ने सीसीटीवी की डीवीआर कब्जे में ली। मामला बढ़ा तो डीएम प्रेरणा शर्मा, एसपी अभिषेक वर्मा व अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन दिया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान बुलंदशहर रोड स्थित सराय बसारत अली निवासी अनवर (44) पुत्र इनामुद्दीन के रूप में की। उसे पुलिस ने बुलंदशहर रोड से गिरफ्तार कर लिया।
कोट
श्री चंडी मंदिर प्रबंध समिति के मंत्री सत्यनारायण अग्रवाल ने तहरीर दी है। जिसके आधार पर कोतवाली सदर में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। प्राथमिक छानबीन में किसी तरह की साजिश और षडयंत्र प्रतीत नहीं हो रहा है। फिर भी आरोपी से गहनता से पूछताछ की जा रही है। -अभिषेक वर्मा, एसपी