हापुड़। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा नौ सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। जिसको सफल बनाने के लिए जनपद न्यायाधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष रविन्द्र कुमार प्रथम ने बैंक अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक का संचालन अपर जिला जज व राष्ट्रीय लोक अदालत की नोडल अधिकारी डा. रीमा बंसल की देखरेख में अपर जिला जज व प्राधिकरण की सचिव छाया शर्मा के द्वारा किया गया।
जनपद न्यायाधीश व प्राधिकरण के अध्यक्ष रविंद्र कुमार प्रथम ने राष्ट्रीय लोक अदालत में उपस्थित जिला प्रबंधक अग्रणी बैंक को बैंकों की रिकवरी से संबंधित मामलों को प्री-लिटिगेशन स्तर पर निपटाने व जो वाद संबंधित न्यायालयों में लंबित है, उन्हें चिन्हित कराकर नोटिस जारी करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि पिछली राष्ट्रीय लोक अदालत में निस्तारित किए गए वादों के सेटलमेंट पेपर तीन दिन अंदर कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को प्राप्त करा दे। अपर जिला जज व प्राधिकरण की सचिव छाया शर्मा ने बताया कि नौ सितंबर को जनपद न्यायालय तथा जनपद के समस्त बाहरी न्यायालयों व समस्त तहसीलों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। बैठक में भारतीय स्टेट बैंक के प्रबंधक रमेश कुमार, शाखा प्रबंधक पंजाब नेशनल बैंक नवीन प्रकाश, शाखा प्रबंधक यूनियन बैंक ऑफ इंडिया सतीश शर्मा, शाखा प्रबंधक बैंक ऑफ बड़ौदा महीपाल सिंह, शाखा प्रबंधक इंडियन बैंक सुरेश पाल, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से गौरव त्रिपाठी व केनरा बैंक से विनय कुमार उपस्थित रहे।