गढ़ टोल प्लाजा पर सुरक्षित नहीं है बाहरी राज्यों के व्यक्ति
पहले भी हो चुकी हैं कई घटनाएं, पुलिस खौफ नहीं रहा
प्रशांत शर्मा
गढ़मुक्तेश्वर। टोल प्लाजा पर हुई मारपीट की घटना से पुलिस के खौफ की सच्चाई सामने आ गई है। हरियाणा के बस चालक की बेरहमी से मारपीट की घटना से पता चलता है, कि बाहरी क्षेत्र के लोग ब्रजघाट के टोल प्लाजा पर कितने सुरक्षित हैं। साथ ही टोल प्लाजा के प्रबंधक और कर्मचारी गंगानगरी की छवि को भी धूमिल कर रहे हैं। गंगानगरी ब्रजघाट में रोजाना हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, नोएडा समेत आसपास के जनपदों से श्रद्धालु स्नान करने के लिए आते हैं। लेकिन ब्रजघाट से पहले मौजूद टोल प्लाजा पर उनके साथ अभद्रता की घटना होना आम बात हो गई है। क्योंकि बस चालक से मारपीट का मामला कोई नई बात नहीं है, क्योंकि पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आती रही हैं, लेकिन पुलिस की ओर से सख्ती से कार्रवाई न होने पर टोल प्लाजा के प्रबंधक और कर्मचारियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। इससे वह टोल प्लाजा पर अपनी ड्यूटी निभाने की बजाए वहां से आने जाने वालों की पिटाई करते हैं। हरियाणा से गंगा स्नान करने आ रही बस चालक के साथ मारपीट के मामले को देखते हुए यात्रियों ने कहा कि यूपी में टोल प्लाजा पर इस तरह की घटनाएं होती हैं, यह एक गंभीर विषय है। यात्रियों ने कहा कि हापुड़ पुलिस का टोल प्लाजा के कर्मचारियों में कितना खौफ है वह आज इस तरह की घटना को देखकर पता चल गया है।
दो दिन पहले ही सीओ ने टोल प्रबंधक को दी थी चेतावनी
सीओ स्तुति सिंह ने टोल प्रबंधक अमन से चेतावनी देते हुए कहा था कि टोल पर जाम की स्थिति न बने साथ ही किसी भी वाहन सवार के साथ अभद्रता और हाथापाई न हो, अन्यथा कार्रवाई करने के लिए कहा था। लेकिन दो दिन बीतते ही टोल पर मारपीट की घटना सामने आ गई।
टोल जीएम अमन का कहना है कि वह मौके पर मौजूद नहीं थे, लेकिन पूछताछ के बाद पता चला है कि बस चालक ने सुपरवाइजर के साथ अभद्रता की थी, जिसके बाद मारपीट हुई थी। घटना में दो टोल कर्मी भी घायल हुए हैं।
(संवाद)