सिंभावली। गांव अनूपुर डिबाई में 24 मार्च को सरेशाम एक युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर सगे चाचा गुलजार की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने हत्याकांड में शामिल दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जिसके पास से एक पिस्टल और बाइक बरामद की है।
सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि गांव अनूपुर डिबाई में पैसों के लेनदेन को लेकर 24 मार्च की शाम गुलफाम ने अपने साथी राहुल उर्फ मोहसीन निवासी मसूरी के साथ मिलकर नमाज पढ़कर लौटने के दौरान सगे चाचा गुलजार पर गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी। घटना में एक व्यक्ति रफी गंभीर रूप से घायल हुआ था। मृतक के बहनोई छोटे की तहरीर पर गुलफाम, मोहसीन, मारूफ, हकीकत और सोना के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। उन्होंने बताया कि हत्याकांड में मुख्य आरोपी गुलफाम को सिंभावली पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। शुक्रवार को सूचना के आधार पर गुलफाम के साथ मौजूद राहुल उर्फ मोहसीन को गांव हरौड़ा के निकट नए बाईपास से गिरफ्तार कर लिया है। जिसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पिस्टल और बाइक भी बरामद की गई है। आरोपी को अग्रिम कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। जिन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।