गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली पुलिस ने स्याना रोड पर 31 जुलाई की रात हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो चोरों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से नकदी और इंवर्टर व बैटरी बरामद की गई हैं।
कोतवाली प्रभारी सोमवीर सिंह ने बताया कि नगर में स्याना रोड पर स्थित मित्तल मेडिकल स्टोर में छत के रास्ते से घुसे दो चोरों ने गल्ले में रखी 30 हजार रुपये की नकदी समेत करीब 20 हजार रुपये कीमत की दवाइयां चोरी की थीं। घटना को अंजाम देने के दौरान आरोपी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए थे। मेडिकल स्टोर संचालक सुमित कुमार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस चोरों की तलाश कर रही थी। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर मंगलवार को दो चोरों को अल्लाबख्शपुर रेलवे फाटक के पास से गिरफ्तार किया गया है। जिन्होंने अपने नाम रहीश आजम उर्फ भूरा निवासी गांव जड़ौदा थाना किठौर जनपद मेरठ वर्तमान निवासी बड़ा मोहल्ला गढ़ और मुस्कीन उर्फ नन्हे निवासी मोहल्ला कुरैशियान गढ़ बताए हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि दोनों बदमाशों के खिलाफ पहले से ही कोतवाली में गैंगस्टर एक्ट, अवैध शस्त्र अधिनियम, चोरी और माल बरामदगी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज हैं। बदमाशों को न्यायालय में पेश किया गया है, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।