पिलखुवा। लूट की सूचना देकर स्वयं प्राइवेट कार से निकले पुलिस अधीक्षक के टेस्ट में मारवाड़ और बस स्टैंड चौकी पुलिस फेल रही। एसपी ने नाराजगी जताते हुए दोनों चौकी प्रभारियों को कार्य में सुधार की हिदायत दी है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बुधवार की रात करीब 12 बजे एसएचओ पिलखुवा को फोन पर हापुड़ और पिलखुवा के बीच में कार लूट होने की सूचना देते हुए सभी चौकी प्रभारियों को बेरियर लगाकर सघन चेकिंग करने के निर्देश दिए। एसपी ने हाईवे पर प्रत्येक वाहन को रोक चेकिंग करने के आदेश दिए थे। इसके उपरांत एसपी आईटेन कार में स्वयं सवार होकर पुलिस की चेकिंग व्यवस्था को परखने के लिए सड़क पर निकल पड़े। एसपी कार में सवार होकर हाईवे स्थित मारवाड़ और बस स्टैंड चौकी के सामने से निकल गए, लेकिन उनकी कार को पुलिस द्वारा नहीं रोका गया। बस स्टैंड चौकी प्रभारी खड़े होकर बातों में व्यस्त थे, जबकि मारवाड़ चौकी प्रभारी प्वाइंट से मौजूद ही नहीं थे। एसपी की कार को धौलाना रोड स्थित सिखेड़ा चौकी पर चेकिंग के लिए रोका गया। इसके उपरांत पुलिस को एसपी के टेस्ट की जानकारी मिली, तब कहीं जाकर पुलिस ने राहत की सांस ली।
एसएचओ सुमन कुमार सिंह का कहना है कि एसपी कार लूट की सूचना देकर स्वयं प्राइवेट कार से निकले थे। एसपी के टेस्ट में मारवाड़ और बस स्टैंड चौकी पुलिस फेल रही है, एसपी ने दोनों चौकी प्रभारियों को कार्य में सुधार की हिदायत दी है।
-