हापुड़। जिला व शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा बुधवार को नगर पालिका स्थित गांधी प्रतिमा पर नौ अगस्त का दिन क्रांति दिवस के रूप में मनाया गया। इस दौरान पदाधिकारी नगर पालिका स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पहुंचे तो उनका चश्मा खंडित मिला। जिसके बाद कांग्रेसियों ने रोष जताया। घटना के विरोध को देखते हुए एसडीएम और कोतवाल मौके पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं को प्रतिमा को सही कराने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन देकर शांत किया।
जिलाध्यक्ष मिथुन त्यागी ने कहा कि नौ अगस्त 1942 को महात्मा गांधी ने भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत की थी, जो देखते ही देखते पूरे देश में फैल गई, जिसने ब्रिटिश हुकूमत को हिलाकर रख दिया। अंग्रेजी हुकुमत ने गांधीजी समेत सभी बड़े नेताओं को जेल में डाल दिया, लेकिन इसके बाद भी इस आंदोलन को खत्म करने में ब्रिटिश सरकार को एक साल से ज्यादा का समय लग गया। आज इस आंदोलन की शुरुआत को 80 साल पूरे हो गए।
शहर अध्यक्ष अभिषेक गोयल ने कहा कि भारत छोड़ो आंदोलन द्वितीय विश्वयुद्ध के समय आरंभ किया गया था, जिसका लक्ष्य भारत से ब्रिटिश साम्राज्य को समाप्त करना था। कार्यक्रम का संचालन विधि प्रकोष्ठ के जिला चेयरमैन रघुवीर सिंह एडवोकेट ने किया। इस दौरान अरविंद शर्मा, डॉ. शोएब, सतीश शर्मा, ज्ञानेंद्र गुप्ता और यशपाल सिंह ढिलोर ने भी अपने विचार रखे। इस मौके पर नरेश भाटी, सीमा शर्मा, कुसुमलता, जस्सा सिंह, इंद्राज बांगा, देवेंद्र जाटव, जलज तेवतिया, मोहम्मद कादिर, राकेश मोहन शर्मा, भरतलाल शर्मा, अनमोल शर्मा आदि मौजूद रहे।