सिंभावली। गांव हिम्मतपुर में गंगा एक्सप्रेसवे पर चल रहे धरने पर शनिवार को महापंचायत होगी। वहीं आंदोलन शुक्रवार को दसवें दिन भी जारी रहा। कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव जाकर पंचायत को सफल बनाने के लिए अपील की है।
संगठन के जिलाध्यक्ष कौशिंद्र गुर्जर ने कहा कि क्षेत्र के किसानों और आम जन मानस की जायज मांग को लेकर संगठन द्वारा किसानों को साथ लेकर पिछले 10 दिन से धरना दिया जा रहा है। संगठन की मांग है कि लोगों के हित को देखते हुए गंगा एक्सप्रेसवे पर दोनों ओर सर्विस रोड का निर्माण किया जाए। जहां पर उचित हो अधिकारी विभिन्न स्थानों पर हाईवे पर चढ़ने और उतरने के लिए व्यवस्था करें, ताकि आसपास के लोगों को परेशानी न हो सकें। उन्होंने कहा कि इन मांगों को लेकर चल रहे धरने पर अधिकारी मात्र आश्वासन दे रहे है। मांग पूरी होने पर ही संगठन का धरना स्थगित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज यानि शनिवार की सुबह को 10 बजे धरना स्थल पर किसानों की महापंचायत की जाएगी। महापंचायत में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह का आगमन होगा। उन्होंने कहा कि महापंचायत में राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा जो भी निर्णय लिया जाएगा, वह सभी को मंजूर होगा। संगठन ने हमेशा ही आम जन की आवाज को बुलंद करने का काम किया है। इस मौके पर अमित प्रधान, विरेंद्र, डॉ. दयाप्रकाश, जयकरण सिंह, सोनू प्रधान, डॉ. नरेश समेत दर्जनों किसान व कार्यकर्ता मौजूद रहे।