गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ क्षेत्र में ट्रक चालक से लूट के प्रयास के मामले में पुलिस ने एक बदमाश को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश की जा रही है।
जनपद मुरादाबाद के के थाना मझोला क्षेत्र के गांव मंगपुरा निवासी शाहरुख ने बहादुरगढ़ थाने में तहरीर दी है। जिसने बताया कि वह गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्य में लगी एक कंपनी में ट्रक चलाता है। वर्तमान में वह ठेरा साइट पर काम कर रहा है। 11 अप्रैल की रात वह क्लीनर नईम निवासी जनपद मेरठ के साथ रामनगर से ट्रक में बजरपुर भरकर प्लांट की तरफ जा रहा था। बहादुरगढ़ क्षेत्र में गांव पलवाडा से आगे नहर पटरी पर देर रात कार सवार 4 बदमाशों ने ओवरटेक कर ट्रक रुकवा लिया। कार से उतरे दो बदमाशों ने भयभीत करते हुए उससे नकदी लूटने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान प्लांट का दूसरा ट्रक मौके पर पहुंच गया। जिसे देखकर बदमाश भागने लगे। उसने अपने साथियों की मदद से एक बदमाश को पकड़ लिया। जिसने अपना नाम सुंदर निवासी पलवाडा बताया। आरोपी ने अपने साथियों के नाम छोटे, कलुआ और ज्ञान बताए। पीड़ित के अनुसार भीड़ एकत्र होने पर सुंदर उनकी पकड़ से छूटकर भाग निकला। जिसके बाद वह ट्रक लेकर प्लांट चले गए। पीड़ित ने तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की है।
सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ लूट की रिपोर्ट दर्ज की गई है। बृहस्पतिवार को गांव पलवाड़ा के पास शिव मंदिर के निकट से सुंदर को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिसे अग्रिम कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया गया है। अन्य बदमाशों की तलाश की जा रही है।