पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के गांव बड़ौदा हिंदूवान निवासी दीपक तोमर के साथ दूसरे गांव के पांच से छह युवकों ने मारपीट कर उसका मोबाइल और 2200 रुपये लूट लिए। सात अप्रैल को हुई इस घटना में कार्रवाई के लिए पीड़ित पुलिस के चक्कर लगा रहा है। दीपक ने बताया कि सात अप्रैल को वह बाइक से पिलखुवा जा रहा था, तभी मोनाड विवि के फाटक के पास आरोपियों ने उसे रोककर गाली-गलौज की। विरोध करने पर मारपीट कर तमंचे की बट से घायल किया और लूटपाट की। शोर मचाने पर आरोपियों ने उसे जबरन बाइक पर बैठाकर पास के गांव ले जाकर फिर से पीटा। किसी तरह जान बचाकर दीपक भागा और पुलिस को सूचना दी। आरोप है कि शिकायत करने के बाद भी पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।