हापुड़। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बुधवार को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया। जिसमें विभिन्न न्यायालयों द्वारा 19 मामलों का निस्तारण कर एक करोड़ 32 लाख 12 हजार एक सौ 72 रुपये का समझौता किया ।
अपर जिला जज व प्राधिकरण की सचिव छाया शर्मा ने बताया कि जनपद न्यायाधीश व प्राधिकरण के अध्यक्ष मलखान सिंह की अध्यक्षता में 138 एनआई एक्ट के वादों के निस्तारण के लिए विशेष लोकअदालत का आयोजन किया गया। जिसके लिए सभी न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालयों द्वारा कुल 336 बाद चिन्हित किए गए थे। जिसमें विभिन्न न्यायाधीशों ने 19 वादों का निस्तारण किया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट विकास कुमार द्वारा दो वाद निस्तारण कर तीन लाख 17 हजार एक सौ 72 रुपये का समझौता किया गया। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम द्वारा पांच वाद का निस्तारण कर पचास हजार रुपये का समझौता किया गया। सिविल जज जूनियर डिविजन एफटीसी प्रथम द्वारा तीन वाद का निस्तारण किया गया। सिविल जज जूनियर डिविजन एफटीसी द्वितीय द्वारा तीन वाद का निस्तारण किया गया। अपर सिविल जज जूनियर डिविजन प्रथम द्वारा छह वाद का निस्तारण कर एक करोड़ 24 लाख रुपये का समझौता किया गया।
नौ मार्च को होगा राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन-
अपर जिला जज व प्राधिकरण की सचिव छाया शर्मा ने बताया कि राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान तथा जनपद न्यायाधीश व प्राधिकरण के अध्यक्ष मलखान सिंह के निर्देशन में नौ मार्च को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जनपद न्यायालय के अलावा बाह्रा न्यायालय गढ़मुक्तेश्वर, ग्रामीण न्यायालय धौलाना तथा जनपद की समस्त तहसीलों में किया जाएगा। जिसमें वादकारी व अधिवक्ता निस्तारण योग्य मामलों का अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होग कर निस्तारण कराए।