अक्खापुर और हशुपुर के जंगल में दिखा तेंदुए का शावक
गढ़मुक्तेश्वर। तहसील क्षेत्र के गांवों में पिछले कई दिनों से तेंदुआ देखने को मिल रहा है, शिकायतों के बावजूद भी वन विभाग टीम गांवों में जांच के लिए नहीं पहुंच रही है, न ही किसी तरह की गश्त कर रही है, जिसको लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। खेतों पर जाने वाले किसानों को लाठी डंडे लेकर जाना पड़ रहा है।
गांव अक्खापुर के किसान धनवीर सिंह ने बताया कि वह रविवार को खेतों पर काम करने के लिए जा रहे थे, उसी समय खेतों के बीच चकरोड पर तेंदुए का एक शावक दिखाई दिया। जो उनको सामने से आते देख खेतों में घुस गया। धनवीर सिंह ने शावक को देख शोर मचा दिया, जिसको लेकर खेतों में काम काज करने वाले किसान एकत्र हो गए और शावक को तलाशना शुरू कर दिया, लेकिन शावक खेतों में छिप गया। वहीं पड़ोसी गांव हशुपुर के ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार की शाम को तेंदुए का शावक खेतों पर घूमता दिखाई दिया है। ग्रामीणों को खेतों पर जाने में भी डर लग रहा है।
बता दें कि इससे पहले गांव आलमनगर, सालारपुर, नयागांव इनायतपुर, नानपुर में भी तेंदुआ दिखाई दिया था। लेकिन रविवार को गांव अक्खापुर और हशुपुर में भी तेंदुआ दिखा है, ग्रामीणों का आरोप है कि तेंदुए और शावक की सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी, लेकिन उन्होंने गांव के जंगलों में गश्त करना भी उचित नहीं समझा, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
टीम को भेजकर कराएंगे गश्त
क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर तेंदुए और शावक दिखने की सूचना मिली है, सालारपुर और आलमनगर में तेंदुए की तलाश के लिए गश्त कराई थी, ग्रामीणों की सूचना के आधार पर जांच अक्खापुर और हशुपुर में भी गश्त कराई जाएगी। करन सिंह, वनक्षेत्राधिकारी