हापुड़। कोतवाली के पास स्थित तहसील में बृहस्पतिवार की दोपहर बैनामा लेखक के पास पहुंचे युवक का एक लैपटॉप और साढ़े तीन लाख रुपये लेकर चोरी हो गए। पुलिस सीसीटीवी केमरों की फुटेज खंगाल रही है।
मेरठ निवासी तरुण ने बताया कि उसने हापुड़ के गांव बड़ौदा हिन्दुआन में डेढ़ बीघा जमीन खरीदी है। बृहस्पतिवार को वह जमीन का बैनामा करने के लिए हापुड़ आया था। बताया गया है कि बैनामा करने से पहले उसके कागज तहसील स्थित बैनामा लेखक के पास तैयार हो रहे थे। कागज तैयार होने के बाद जमीन मालिक को साढ़े तीन लाख रुपये देने थे। तहसील में बैनामा तैयार कराते समय उसने अपना बैग लेखक की मेज पर रख दिया। दोपहर के समय अचानक उसका बैग वहां से गायब हो गया जिसकी काफी तलाश की गई लेकिन बैग का पता नहीं चला। पीड़ित ने बताया कि बैग में साढ़े तीन लाख रुपये नकद तथा एक लैपटॉप था।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र सिंह ने बताया कि सीसीटीवी खंगाले गए हैं, लेकिन कोई व्यक्ति बैग लेकर जाता या आता नजर नहीं आया है। आशंका है कि किसी और स्थान पर टप्पे बाजी या ठगी हुई हो। मामले में अभी तहरीर भी प्राप्त नहीं हुई है।