गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली क्षेत्र के गांव अठसैनी में फॉगिंग करने के दौरान आग लगने से मजदूर झुलस गया। सूचना पर युवक को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी गंभीर दशा को देखकर मेरठ के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। सिंभावली के गांव तिगरी निवासी 18 वर्षीय प्रशांत कुमार सोमवार की रात क्षेत्र के गांव अठसैनी में मच्छरों की रोकथाम के लिए फॉगिंग कर रहा था। इस दौरान अचानक निकली चिंगारी से मशीन में आग लग गई। जिसकी चपेट में आने से युवक बुरी तरह झुलस गया। युवक को आग की लपटों से घिरा देखकर आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। किसी तरह आग पर काबू पाते हुए ग्रामीणों की मदद से उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे हापुड़ रेफर कर दिया। वहीं हापुड़ से भी युवक को मेरठ के लिए रेफर किया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।