हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव आरिफपुर मढैया में बृहस्पतिवार रात घर में घुसे हथियारबंद बदमाशों ने बरामदे में सो रही महिला को पकड़ लिया। महिला का मुंह दबाकर बदमाश कानों के कुंडल लूटकर फरार हो गए। शोर मचाने पर ग्रामीणों ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा।
आरिफपुर मढैया निवासी कपिल कुमार ने बताया कि रात में परिवार के लोग घर में अलग-अलग सो रहे थे। उसकी मां घर में बाहर बरामदे में सो रही थी। देर रात हथियारों से लैस बदमाश उसके घर में दीवार फांदकर घुस आए। बदमाशों ने उसकी मां का मुंह दबा लिया और कानों के कुंडल खींचकर निकाल लिए। जिससे उनके कान भी कट गए और वे लहूलुहान हो गई। इस बाद बदमाश धमकी देते हुए फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद महिला ने शोर मचाया। शोर सुनकर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की। पुलिस ने भी आसपास के क्षेत्र की कांबिंग की। थाना बाबूगढ़ प्रभारी निरीक्षक शीलेष कुमार ने बताया कि मामले में रिपोर्ट कर ली है। बदमाशों की तलाश के साथ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।