हापुड़। जरौठी गांव की सप्लाई बाधित होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने पटना मुरादपुर बिजलीघर के सातों फीडर बंद करा दिए। इससे डीएम आवास समेत 30 से अधिक मोहल्लों की सप्लाई बाधित हो गई। अवर अभियंता ने अभद्रता का भी आरोप लगाया है। पुलिस के आने पर बिजलीघर को चालू कराया जा सका। जेई ने तीन नामजद समेत आठ ग्रामीणों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
पटना मुरादपुर बिजलीघर से जरौठी को सप्लाई दी जाती है। अवर अभियंता आनंद मौर्य ने बताया कि देहात को सप्लाई देने वाले फीडर से जुड़ी लाइन में फाल्ट हो गया था, जिसकी पेट्रोलिंग में काफी समय लग गया। इसी बीच जरौठी के कुछ ग्रामीण बिजलीघर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया।
ग्रामीणों ने कहा कि जब गांव को सप्लाई नहीं मिल रही तो बिजलीघर चलाने का कोई औचित्य नहीं। उन्होंने पूरे बिजलीघर को ही बंद करा दिया। इससे डीएम आवास समेत कविनगर, भगवानपुरी, जेके कॉलोनी, पन्नापुरी, इंद्रलोक, शिवपुरी, त्यागीनगर, कृष्णा नगर, देवलोक, शिवलोक, सोंटावाली, नई मंडी, पटना, अनुज विहार, साकेत, शक्तिनगर, श्रीनगर, पटेलनगर, आनंद लोक, स्वर्ग आश्रम रोड की सप्लाई बाधित हो गई। भीषण गर्मी में रात 11 बजे सप्लाई बाधित होने से लोग तिलमिला उठे। बिजलीघर बंद कराने के मामले में कर्मियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बिजलीघर को किसी तरह चालू कराया। इस मामले में अवर अभियंता आनंद मौर्य ने जगदीप कौशिक, टीटू, राजीव समेत आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
कोट -
बिजलीघर को बंद कराना गंभीर मामला है। लाइन में फाल्ट के कारण परेशानी बनी थी, जिसे दुरस्त कराकर सप्लाई चालू करा दी गई है। उपभोक्ताओं को इस तरह का व्यवहार नहीं करना चाहिए।यूके सिंह, अधीक्षण अभियंता।