संवाद न्यूज एजेंसी
हापुड़। अभ्युदय योजना से यूपीएससी, जेईई, नीट की कोचिंग के लिए अभ्यर्थियों के चयन को लेकर 20 जून को अच्छेजा स्थित राम स्वरूप जतना उच्चतर माध्यमिक स्कूल में साक्षात्कार होंगे। इसमें 1030 अभ्यर्थी भाग लेंगे। एक जुलाई से दिल्ली रोड स्थित एसएसवी पीजी कॉलेज में कोचिंग शुरू होगी।
जिले में आईएएस, पीसीएस व अन्य बड़ी परीक्षाओं की कोचिंग की खास सुविधा नहीं है। ऐसे में अभ्युदय योजना अभ्यर्थियों के लिए कारगर सिद्ध होगी। सिविल सेवा परीक्षा, पीसीएस, जेईई, नीट, एनडीए, सीडीएस परीक्षाओं की तैयारी के लिए अभ्युदय योजना में एसएसवी कॉलेज को कोचिंग केंद्र बनाया गया है।
दस जून तक इसके लिए आवेदन मांगे गए थे, जिसमें 1666 अभ्यर्थियों ने आवेदन कर दिए। जो छात्र दसवीं में थे, उन्होंने भी आवेदन किए। ऐसे में जांच के दौरान करीब 633 फार्म निरस्त कर दिए गए। अब यूपीएससी की कोचिंग के लिए 666, नीट की कोचिंग के लिए 286, जेईई की कोचिंग के लिए 79 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं।
समाज कल्याण विभाग द्वारा विकास भवन के सूचना पट पर नोटिस भी चस्पा कर दिया है। इसमें लगी लिस्ट में आवेदन करने वाले अभ्यर्थी अपना नाम देखकर, 20 जून को राम स्वरूप जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में रजिस्ट्रेशन कराएं। अभ्यर्थियों को मूल अभिलेख, समस्त शैक्षिक प्रमाण पत्र, कोई भी फोटो आईडी लेकर आना होगा। एक जुलाई से कोचिंग शुरू होगी।