हापुड़। जिला पंचायत के विकास कार्यों में अनियमितता के आरोपों के मामले में शुक्रवार को डीएम द्वारा गठित जांच टीम ने मंसूरपुर और असौड़ा गांव में लाइट और साइन बोर्ड का जायजा लिया। अधिकारियों ने साक्ष्य जुटाए और ग्रामीणों से भी वार्ता की।
जिला पंचायत सदस्य रूचि यादव, सिमरन चौधरी, भावना वाल्मीकि, अर्जुन जाटव, ममता जाटव ने डीएम कार्यालय में शिकायत कर, आरोप लगाए थे कि जिला पंचायत द्वारा गांवों में लगाई गई लाइटों के दामों में फेरबदल किया है। बाजार में जो लाइट 300 से 400 रुपये में मिल जाती है, उसका बिल 3500 रुपये तक बनाया गया है। जिला पंचायत की अपर मुख्य अधिकारी आरती मिश्रा ने बताया कि डीएम द्वारा गठित कमेटी ने शुक्रवार को मंसूरपुर में लाइट की जांच की, इसके बाद असौड़ा में साइन बोर्ड की जांच की। इस मामले में निष्पक्ष जांच होगी।