सिंभावली। गांव अनुपुर डिबाई में 24 मार्च की शाम को सरेशाम एक युवक ने अपने चाचा को साथी के साथ मिलकर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर मौत के घाट उतार दिया था। जिसमें वांछित चल रहे एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी शीलेष कुमार ने बताया कि गांव अनुपुर डिबाई निवासी मृतक गुलजार के जीजा छोटे ने पांच आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें आपसी लेनदेन को लेकर आरोपी गुलफाम ने अपने साथी राहुल उर्फ मोहसीन समेत मारूफ, हकीकत, सोना के साथ षडयंत्र रचकर पिस्टल और तमंचे से ताबड़तोड़ फायरिंग कर चाचा गुलजार की हत्या कर दी थी। जिसमें पुलिस गुलफाम, राशिद निवासी अनुपुर डिबाई और राहुल उर्फ मोहसीन को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। उन्होंने बताया कि हत्याकांड में शामिल आरोपी मारूफ निवासी सिकरोडा, थाना मसूरी जनपद गाजियाबाद को सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मंगलवार की सुबह वैठ मोड़ से गिरफ्तार कर लिया है। जिसे अग्रिम कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया गया है।