हापुड कोतवाली पुलिस द्वारा पकडे गए अवैध पशु कटान करने वाले आरोपी। संवाद
हापुड़। थाना कोतवाली हापुड़ नगर क्षेत्र के मोहल्ला गद्दापाड़ा स्थित एक मकान में अवैध पशु कटान करते तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जबकि छह आरोपी भागने में कामयाब हो गए। इनके कब्जे से भैंस प्रजाति का अवशेष, छह जिंदा पशु, पशु कटान करने के उपकरण व अवैध असलाह बरामद हुआ है।
थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि मोहल्ला गद्दापाड़ा स्थित काली पहलवान के मकान में कुछ लोग अवैध पशु कटान कर रहे हैं। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मकान पर छापा मारकर यहां से फैसल पुत्र सल्लो निवासी मोहल्ला देहली गेट थाना हापुड़ नगर, कासिफ पुत्र हाजी इदरीश निवासी मोहल्ला गद्दापाड़ा थाना हापुड़ नगर व हाजी सलीम पुत्र अब्दुल हक निवासी मोहल्ला देहली गेट थाना हापुड़ नगर को दबोच लिया। जबकि काली व सूफियान निवासी मोहल्ला देहली गेट, हाजी जाहिद व ताहिर निवासी मोहल्ला सिकंदर गेट, कलुआ व अफजाल निवासी मोहल्ला गद्दापाड़ा मौके से भागने में सफल हो गए। आरोपी कासिफ पर थाना कोतवाली में हत्या का प्रयास व पशु क्रूरता अधिनियम के तहत दो और हाजी सलीम पर विद्युत अधिनियम के दो मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि मामले में फरार छह आरोपियों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।