हापुड़। हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ.नितिन गौड़ के निर्देशन में मंगलवार को प्राधीकरण की टीम ने कुचेसर रोड चौपला क्षेत्र में बिना आठ स्थानों पर 73500 वर्ग मीटर में अवैध प्लॉट को ध्वस्त कराया। वहीं तीन स्थानों पर 13 दुकानों को सील किया गया।
कुचेसर रोड चौपला पर गढ़ रोड स्थित महिंद्रा शोरूम के पीछे मनीष दादू, उमेश गर्ग और शाहिद की 20 हजार वर्ग मीटर, शाहपुर जट्ट में कल्लूमल की सात हजार वर्ग मीटर, शाहपुर जट्ट में शौकीन व कृष्णपाल की 10 हजार वर्ग मीटर, कुचेसर रोड चौपला किठौर रोड पर लाला कल्लूमल की पांच हजार वर्ग मीटर, शाहपुर जट्ट में कल्लूूमल व देवेंद्र की पांच हजार वर्ग मीटर, ग्राम मुबारिकपुर के समीप पवनवीर की 12 हजार वर्ग मीटर, शाहपुर जट्ट में नए एनएच-9 पर हरीश कुमार, चौधरी शाहिद, नदीम की 12 हजार वर्ग मीटर, पुराना एनएच-9 पर ग्राम शाहपुर जट्ट में किसान देवेंद्र, विकास, रविंद्र, मोहम्मद जावेद आदि की 2500 वर्ग मीटर अवैध प्लॉट को बुलडोजर से ध्वस्त कराया।
वहीं कुचेसर चौपला किठौर रोड पर ताराचंद की 40 वर्ग मीटर दुकान, ऋषिपाल की 250 वर्ग मीटर में सात दुकानें, और रामभूल की 150 वर्ग मीटर में पांच दुकानें को बिना मानचित्र स्वीकृति बनाने पर सील किया गया। प्राधिकरण के सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने चेतावनी दी है कि प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराकर ही निर्माण करें। बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण करने पर प्राधिकरण द्वारा कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान प्रभारी प्रवर्तन नीरज शर्मा, अवर अभियंता महेश चंद, वीरेश राणा व प्राधिकरण का सचल दस्ता शामिल रहा।