गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के गांव बदरखा के सामने बस के इंजतार में खड़े मामा समेत तीन भांजों को एक तेज रफ्तार कार ने चपेट में ले लिया, जिसमें उपचार के दौरान एक बच्चे ने दम तोड़ दिया। वहीं बच्चों के मामा भांजे समेत कार सवार घायलों का उपचार चल रहा है।
गढ़ के गांव बदरखा निवासी हासिम ने बताया कि उसकी बहन की ससुराल गाजियाबाद के भोजपुर के गांव कलछीना में है। रविवार को बहन के तीन बच्चे आमिर, अबुजर और हम्माद बदरखा में आए हुए थे। शाम होने पर वह वापस घर जाने के लिए नेशनल हाईवे 9 पर गांव के बाहर पहुंचे और डिवाइडर के पास खड़े होकर गढ़ की तरफ से गाजियाबाद जाने वाली रोडवेज बस का इंतजार करने लगे।
इतने में ही अमरोहा की तरफ से आ रही बेलगाम तेज रफ्तार कार मामा समेत भांजों को रौंद दिया और कार डिवाइडर से टकरा गई। जिससे कार में सवार चालक अनिल और राधा भी घायल हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने घायल बच्चे समेत कार सवारों को तुरंत गढ़ नगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से गंभीर हालत में आमिर, अबुजर, हम्माद और कार चालक को मेरठ अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजनों ने बताया कि हम्माद (11) पुत्र वकील ने मेरठ में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है। वहीं अन्य दोनों भाई का उपचार चल रहा है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सोमवीर सिंह ने बताया कि हादसे में बच्चे समेत सात लोग घायल हुए थे, जिसमें हम्माद ने मेरठ अस्पताल में दम तोड़ दिया है। वहीं क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।