लाठीचार्ज के बाद नगर कोतवाली पुलिस ने 17 नामजद और 250 अज्ञात अधिवक्ताओं के खिलाफ लूट और जानलेवा हमले जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। बृहस्पतिवार को इस मामले में पुलिस ने अधिवक्ताओं के खिलाफ दो और मुकदमे दर्ज किए।
हवालात इंचार्ज हरपाल सिंह ने दर्ज मुकदमे में बताया कि घटना के दौरान हवालात में करीब 15 अभियुक्त बंद थे। इसी दौरान करीब दो अधिवक्ताओं का झुंड हंगामा करता हुआ। यहां पहुंचा और हमला बोल दिया।
इन अधिवक्ताओं ने हवालात के बाद बैठे पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दी। कुर्सियां पकडकर तोड़ दी और पुलिसकर्मियों पर फेंककर उन्हें घायल कर दिया। इसके साथ ही सभी पुलिसकर्मियों को खदेडकर हवालात में बंदियों को भगाने का प्रयास किया। मामले में संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसके साथ ही पीआरडी जवान ने भी हमला करने वाले अधिवक्ताओं पर मुकदमा दर्ज कराया है। बुधवार को जाम खुलवाने के दौरान अधिवक्ताओं ने पीआरडी जवान पर हमला बोल दिया था। जिसमें उसे गंभीर चोट आई थी।
हवालात की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी ने तानी थी रायफल
घटना के दिन हवालात के बाहर तैनात पुलिसकर्मी ने अधिवक्ताओं के हंगामे के दौरान उन पर रायफल तान दी थी। बताया जा रहा है कि जब अधिवक्ता हवालात के बाहर तैनात पुलिसकर्मियों को भगाने का प्रयास किया तो एक पुलिसकर्मी ने उन पर रायफल तानते हुए दूर रहने की हिदायत दी। यह वीडियो अब वायरल हो रहा है।