खसरे के टीके संग मिलेगी पोलियो की खुराक
पिलखुवा। मीजल्स रूबैला(एमआर) खसरा टीकाकरण के साथ अब शिशुओं को पोलियो की तीसरी डोज भी दी जाएगी। इसके लिए डब्ल्यूएचओ ने राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम तालिका में संसोधित कर दिया है। यह जनवरी माह से नौ माह की आयु शिशुओं को पोलियो का तीसरी डोज दी जाएगी। अब तक छह और 14 सप्ताह में सिर्फ दो टीकाकरण अर्थात डोज लगाई जाती थी।
शहर की रेलवे रोड स्थित सरकारी अस्पताल के प्रभारी चिकित्सक चंदनप्रकाश ने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम तालिका में संसोधित करते हुए शिशुओं को पोलियो की तीसरी डोज लगाए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि अब तक शिशु के पैदा होते ही नियमित वैक्सीन की डोज लगाने के साथ ही छह और 14 सप्ताह की उम्र होने पर दो बार पोलियो का टीका लगा जाता था। इसके बावजूद भी कुछ शिशुओं में पोलियो के संक्रमण उभरने के मामले प्रकाश में आते हैं। इसी के चलते डब्ल्यूएचओ ने राष्ट्रीय टीकाकरण तालिका में संसोधित किया है। इसके तहत अब शिशुओं के नियमित टीकाकरण के साथ ही नौ माह की आयु पूरी होने पर उन्हें पोलियो का तीसरा टीका लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि डब्ल्यूएचओ ने जनवरी 2023 से संसोधित टीकाकरण तालिका को लागू करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए वैक्सीन उपलब्ध कराई जा रही है। इसके लिए विभाग ने तैयारी करनी शुरू कर दी है। संवाद