नशीला पदार्थ पिलाकर ई-रिक्शा लूटने का लगाया आरोप
पिलखुवा। चालक को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर बदमाशों द्वारा ई-रिक्शा लूटकर ले जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित चालक ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित ने पिलखुवा पुलिस पर उक्त मामला हापुड़ नगर थानांतर्गत क्षेत्र का बताकर वहां से टरकाने का आरोप गया है।
थानांतर्गत क्षेत्र के गांव पूठा हुसैनपुर निवासी बिरजू हापुड़ में ई-रिक्शा चलाता है। बिरजू ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे दो युवक हापुड़ रामलीला मैदान से निजामपुर जाने के लिए उसका ई-रिक्शा किराये पर लेकर आये थे। आरोप है कि युवकों ने निजामपुर से पहले कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए रिक्शा को सड़क किनारे खड़ा कराया। तभी युवकों ने बिरजू को कोल्ड ड्रिंक पिलाई, जिसके बाद वह बेहोश हो गया। युवक चालक को सड़क किनारे बेहोशी की हालत में छोड़कर ई-रिक्शा लेकर चले गए। शाम को होश आने पर चालक घर पहुंचा और परिजनों को आपबीती सुनाई। शुक्रवार को परिजनों के साथ थाना पहुंच चालक ने तहरीर देकर पुलिस से गुहार लगाई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह का कहना है कि मामला हापुड़ नगर थानांतर्गत क्षेत्र का है, इसी के चलते पीड़ित को हापुड़ भेजा गया है। संवाद