रिलायंस पॉवर प्रोजेक्ट मामला- मांगों को लेकर सात गांवों को किसानों ने की पंचायत
पिलखुवा। रिलायंस पॉवर प्रोजेक्ट के दौरान किसानों पर दर्ज मुकदमा वापसी समेत अन्य मांगों को लेकर प्रभावित सात गांवों के किसानों ने रविवार को पंचायत की। पंचायत बझैड़ा खुर्द गांव स्थित पंचायत घर पर आयोजित की गई। पंचायत में पहुंचे आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता सीएम चौहान ने किसानों के समर्थन की घोषण करते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह से वार्ता कर जल्द ही किसानों का मुद्दा राज्यसभा में उठाया जाएगा। पंचायत की अध्यक्षता सत्यपाल सिंह राघव और संचालन युधिष्ठिर सिसोदिया ने किया।
पंचायत में आए धौलाना, दहपा, ककराना, जादोपुर समेत सात गांवों के किसानों के सामने महाराणा संग्राम सिंह किसान कल्याण समिति के अध्यक्ष मंगू सिंह ने रिलायंस पॉवर प्रोजेक्ट का सारा मामला विस्तार से रखा। जिसके बाद आप पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सीएम चौहान ने कहा कि आप पार्टी का किसानों को पूर्ण समर्थन है। आप किसानों की हितैषी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया धौलाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। उनके समक्ष भी इस मामले को रखा जाएगा, साथ ही राज्यसभा सदस्य संजय सिंह से बातचीत कर मामले को राज्यसभा में उठवाया जाएगा। पंचायत में सुभाष नंबरदार, मनोज भारद्वाज, यतेंद्र सिंह समेत अन्य वक्ताओं ने कहा कि जमीन संबंधित मामले को निपटाने के लिए उच्चतम न्यायालय ने प्रशासनिक अधिकारियों को एक कमेटी बनाने के आदेश दिए थे। जिसका आज तक पालन नहीं हो सका है। पंचायत में हरवीर राणा, राजकुमार सिसोदिया, धर्मपाल सिंह, हनीफ सरपंच, कमल सिंह, विश्व विजय राणा, सोमवीर सिंह, जगदीश सिंह, मुकेश सिंह, वीरेंद्र सिंह, धर्मपाल सिंह, संजय राणा, मंगल राणा, रविंद्र राणा, विजयपाल सिंह, योगेंद्र सिंह, रामभूल सिंह समेत सैकड़ों किसान मौजूद रहे। संवाद