हापुड़ के थाना बाबूगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर- आजमपुर निवासी सिद्धार्थ त्यागी (21) मेरठ में कोचिंग करता था। बुधवार दोपहर गांव बिगास के पास दिल्ली मुरादाबाद रेलवे ट्रेक पर उसकी मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। ग्रामीणों के बताया कि सेल्फी लेने के लिए वह रुकी ट्रेन पर चढ़ा था, तभी अचानक ट्रेन चलने से हादसा हो गया।
गांव निवासी किसान आकाश त्यागी का पुत्र सिद्धार्थ दो दोस्तों के साथ बाइक से घर से निकला था। जैसे ही तीनों बिगास गांव के पास पहुंचे वहां पर मालगाड़ी खड़ी थी। तभी तीनों सेल्फी लेने के चक्कर में यहां रुक गए और सेल्फी लेने लगे। सिद्धार्थ ट्रेन पर चढ़कर सेल्फी ले रहा था तभी अचानक मालगाड़ी चलने लगी। झटका लगने से सिद्धार्थ नीचे गिरकर मालगाड़ी की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घबराए दोस्तों ने आनन-फानन में गांव में सूचना दी, सूचना के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों की भीड़ भी मौके पर पहुंच गई। मृतक के दो भाई और एक बहन है। परिजनों ने देर शाम मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस ने मामले की जानकारी से इंकार किया है।