कनेक्शन काटने पर तोड़ा कार का शीशा
पिलखुवा। मसूरी थाना क्षेत्र के गांव निडोरी में बकायेदार उपभोक्ता का कनेक्शन काटने पर महिला ने हंगामा करते हुए उर्जा निगम के अधिकारियों की गाड़ी का शीशा तोड़ दिया। निगम के कर्मियों ने किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई। एसडीओ पिलखुवा ने मसूरी थाना में दंपती के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत अन्य आरोपों में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मसूरी थाना क्षेत्र के गांव निडोरी पिलखवा डिवीजन के अंतर्गत आता है। एसडीओ पिलखुवा प्रदीप कुमार ने बताया कि बुधवार शाम वह अवर अभियंता संतोष दिवाकर एवं अन्य कर्मियों के साथ निडोरी गांव में बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने गए थे। बकायेदार मुजम्मिल का कनेक्शन काटा जा रहा था। आरोप है कि इसी बीच उसकी पत्नी जरीना ने उनकी गाड़ी का ईंट मारकर शीशा तोड़ दिया। मौके पर ग्रामीण की भीड़ एकत्र हो गई। कर्मियों ने वहां से भाग कर अपनी जान बचाई।
मसूरी थाने के एसएसआई प्रताप सिंह बालियान का कहना है कि एसडीओ की तहरीर पर निडोरी निवासी मुजम्मिल और उसकी पत्नी जरीना के खिलाफ सरकारी कार्य में बांधा डालने समेत अन्य आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।