महिला को ट्रेन के आगे धक्का देकर हत्या करने का आरोप
पिलखुवा। दहेज की खातिर ससुराल पक्ष के लोगों पर महिला को ट्रेन के आगे धक्का देकर हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर महिला के पति और सास समेत छह के खिलाफ दहेज हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है।
बाबूगढ थाना क्षेत्र के गांव कुचेसर चौपला निवासी सोनू उर्फ सुभाष द्वारा दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी बहन पल्लवी उर्फ प्रिया की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व मोहल्ला रमपुरा के एमएस स्कूल के पास रहने वाले नितिन के साथ हुई थी। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग शादी दिए गए दहेज से खुश नहीं थे और अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे, इसी के चलते उसका उत्पीड़न करते रहते थे। इसी बीच महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया लेकिन उनकी लापरवाही के कारण उसकी मौत हो गई। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग नितिन की दूसरी शादी करने के लिए पल्लवी पर दबाव बना रहे थे। गत 14 सितंबर को ससुराल पक्ष के लोग उसके गांव आए और पल्लवी को आश्वासन देकर अपने साथ ले गए। लेकिन ससुराल पक्ष के लोग उसे फिर से प्रताड़ित करने लगे। आरोप है कि गत 20 सितंबर की शाम को ससुराल पक्ष के लोग उसे घुमाने के बहाने रेलवे लाइन के पास ले गए और चलती ट्रेन के आगे धक्का देकर उसकी हत्या कर दी।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह का कहना है कि मृतका के भाई की तहरीर पर महिला के पति नितिन, सास सविता, चाचा अनिल एवं मोनू और ननद पूजा एवं नेहा के खिलाफ दहेज हत्या के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच सीओ पिलखुवा द्वारा की जा रही है। आगे की कार्रवाई उन्हीं के द्वारा की जाएगी।