व्यापारी के बैग से ढाई लाख रुपये निकाले
पिलखुवा। स्थानीय मोहल्ला शिवाजी नगर निवासी कपड़ा व्यापारी पीयूष गोयल ने बताया कि गत 11 अगस्त को वह छिजारसी टोल प्लाजा से ऑटो में बैठकर पिलखुवा जा रहा था। उनके पास दो बैग थे। दोनों बैग उसने ऑटो में पीछे रख दिए थे। आरोप है कि ऑटो में तीन लोग पहले से सवार थे। तीनों युवकों ने उसे बातों में लगाकर बैग से ढाई लाख रुपये निकाल लिए। कुछ दूर चलने के बाद चालक ने ऑटो खराब होने की बात कहकर व्यापारी को उतार दिया। पीड़ित ने घर पहुंचकर बैग देखा, तो उसमें से रुपये गायब मिले। पीड़ित ने इस बाबत पुलिस को तहरीर दी। लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की। सीओ अशोक कुमार सिसोदिया का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज करा कार्रवाई की जाएगी। संवाद