गाली-गलौज का विरोध करने पर दबंगों ने बहन-भाई को पीटा
पिलखुवा। पतंग उड़ा रहे दो भाईयों को दबंगों की गाली-गलौज का विरोध करना महंगा पड़ गया। आरोप है कि आरोपियों ने घर में घुसकर दोनो भाईयों और बीच बचाव करने आई बहन के साथ मारपीट कर घायल कर दिया। युवती ने थाने पर नामजद तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला निवासी युवती ने थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि उसके भाई मकान की छत पर पतंग उड़ा रहे थे। इसी बीच पड़ोसी युवक शराब के नशे ने छत पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट करनी शुरू कर दी। आरोप है कि मारपीट का युवती द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की और कपड़े फाड़ दिए। इसके आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह का कहना है कि युवती की तहरीर पर मामले की जांच की जा रही है, रिपोर्ट दर्ज कर साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।