महिला द्वारा पुत्री को जन्म देने और अतिरिक्त दहेज की खातिर उत्पीड़न करने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना पुलिस ने पति और दो महिला समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव अनवरपुर निवासी नीतू पुत्री श्रीपाल ने थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि गत 28 सितंबर 2019 परिजनों ने उसकी शादी शाहपुर-फगौता निवासी राहुल पुत्र रिछपाल के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ससुराल पक्ष के लोग खुश नहीं थे, और वह राहुल को बिजली विभाग में नौकरी करने की बात कहकर अतिरिक्त दहेज की मांग करते रहे थे, तथा मांग पूरी नहीं होने पर उत्पीड़न करते थे। गर्भवती होने पर गत 11 सितंबर 2021 को ससुराली महिला को उसके मायके छोड़ गए। इसी बीच महिला ने पुत्री को जन्म दिया।
आरोप है कि गत 24 अप्रैल 2022 को वह अपने पिता और भाई के साथ ससुराल पहुंची तो उन्होंने मारपीट कर वहां से भगा दिया। पीड़ित द्वारा मामले की शिकायत थाना पुलिस से की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद महिला ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष पेश होकर गुहार लगाई।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर पुलिस अधीक्षक के आदेश पर उसके पति राहुल, ससुर रिछपाल, सास सुदेश, जेठ कुलदीप और जेठानी संगीता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है, साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।